अदाणी की बड़ी सौगात: उरगा गांव में पक्की सड़क निर्माण शुरू, विकास को मिलेगी रफ्तार

कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत उरगा में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अदाणी फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत 500 मीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन बुधवार को संपन्न हुआ। यह पहल अडानी पावर लिमिटेड की सामाजिक सहभागिता योजना के अंतर्गत की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग की स्थिति लंबे समय से जर्जर थी। विशेषकर बारिश के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और दैनिक मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सीसी सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत उरगा की सरपंच श्रीमती ललिता समेलाल, उपसरपंच सनत दिवाकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामचंद्र पाटले एवं चंद्रकांता कृष्णा राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पक्की सड़क बनने से गांव के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, अदाणी पावर के सीएसआर विभाग से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि कंपनी ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ थीम के तहत संचालन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्य निरंतर कर रही है।

उल्लेखनीय है कि इसी क्रम में बीते सप्ताह ग्राम कटबीतला में सामुदायिक मंच निर्माण के लिए भी भूमिपूजन किया गया था। कंपनी द्वारा कोरबा क्षेत्र के पताड़ी, सरगबुंदिया, ढनढनी, पहंदा, कटबीतला और खोद्दल सहित लगभग 14 गांवों में विभिन्न विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस सड़क निर्माण से न केवल दैनिक जीवन आसान होगा, बल्कि गांव में समग्र विकास को भी बल मिलेगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel