सुरक्षा के प्रति बढ़ी प्रतिबद्धता,अम्बुजा कॉलोनी में सजा सम्मान समारोह और उत्कृष्ट खदानों को किया गया सम्मानित !

बलौदाबाजार, 12 अप्रैल 2026।

खनन क्षेत्र में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से आयोजित 41वें वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा–2025 का समापन एवं पारितोषिक वितरण समारोह रविवार को अम्बुजा कॉलोनी, रवान (बलौदाबाजार) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन डायरेक्टर जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (DGMS) के बिलासपुर एवं रायगढ़ क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली गैर-कोयला खदानों के लिए किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेकेदारों और श्रमिकों को सम्मानित किया गया।

इस सुरक्षा पखवाड़ा के दौरान विभिन्न चरणों में गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इसकी शुरुआत 24 अक्टूबर 2025 को बिलासपुर में आयोजित वार्षिक बैठक से हुई थी। इसके बाद 3 से 22 नवंबर तक ट्रेड टेस्ट प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें श्रमिकों की तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन किया गया। वहीं, 25 नवंबर से 9 दिसंबर के बीच विभिन्न खदानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। इस पूरे आयोजन में कुल 66 खदानों ने भाग लिया, जिनमें से 62 खदानों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामावतार मीणा, डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (पश्चिमी जोन) ने अपने संबोधन में कहा कि खनन उद्योग में उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने से दुर्घटनाओं में कमी आती है और कार्यस्थल पर अनुशासन तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

विशिष्ट अतिथियों में बिपुल बिहारी साटियर (डायरेक्टर ऑफ माइंस सेफ्टी, रायगढ़), आफताब अहमद (पश्चिमी जोन, नागपुर), मुकेश कुमार सिन्हा (बिलासपुर रीजन–1), राजेश कुमार सिंह (बिलासपुर रीजन–2) और पंकज कुमार जैन (मैकेनिकल, पश्चिमी जोन) शामिल रहे। कार्यक्रम में अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने खान सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

समारोह की शुरुआत झंडारोहण और खान सुरक्षा शपथ के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने विभिन्न खदानों द्वारा लगाई गई सुरक्षा प्रदर्शनियों का अवलोकन किया, जिसमें आधुनिक सुरक्षा उपायों और तकनीकों को प्रदर्शित किया गया। मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई।

अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड (अडाणी सीमेंट) के सीपीएम, भाटापारा द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अम्बुजा विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।

उल्लेखनीय है कि इस पखवाड़ा का उद्घाटन भिलाई स्थित बीएसपी सेल द्वारा किया गया था, जबकि आगामी वर्ष के लिए दल्ली राजहरा मैकेनाइज्ड माइंस को मेजबानी सौंपी गई है।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 62 खदानों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel