ओडिशा से बसना ला रहा था नशीली सिरप… महासमुंद पुलिस ने नाकाबंदी में पकड़ा आरोपी

महासमुंद, 13 मार्च। जिले में नशीली दवाओं की अवैध तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक आरोपी को नशीली कफ सिरप की तस्करी करते गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 27 बोतल नशीली कफ सिरप और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 20 हजार 492 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्रे रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक OR 15 M 1143 में एक व्यक्ति ओडिशा की ओर से नशीली कफ सिरप लेकर महासमुंद जिले की ओर आ रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसे रोककर चालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम Mohammad Riyaz (46 वर्ष) पिता मोहम्मद ताज निवासी मोतीझरन, थाना धनुपाली, जिला संबलपुर (ओडिशा) बताया। आरोपी वर्तमान में बसना क्षेत्र में रहकर काम कर रहा था।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के पास रखे एक कपड़े के थैले से Wings Pharma कंपनी की Wincerex नामक कफ सिरप की 27 बोतल बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 100-100 एमएल की थी, जिसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड जैसे प्रतिबंधित तत्व पाए गए। कुल 2700 एमएल नशीली कफ सिरप की कीमत लगभग 5492.88 रुपये आंकी गई है।

इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीली सिरप ओडिशा के संबलपुर से बसना क्षेत्र में बेचने के उद्देश्य से ला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel