
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ओडिशा से मुंबई ले जाया जा रहा 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-53 पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक (क्रमांक KA-13 D-7710) मौके पर पहुंचा, जिसे रोककर जांच की गई। ट्रक में मौजूद दो लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान इम्तियाज खान (48 वर्ष), निवासी मैसूर (कर्नाटक) और रवि प्रकाश राउतकर (45 वर्ष), निवासी बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई। जब ट्रक में रखी बोरियों की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में गांजा पाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से मुंबई ले जाया जा रहा था, जहां इसे खपाने की योजना थी। पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा परिवहन में उपयोग किए जा रहे ट्रक (कीमत लगभग 15 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर ओडिशा के बरहमपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जियाउल हक (बालाघाट), नदीम अंसारी (शामली, उत्तरप्रदेश) और सुखविंदर उर्फ बुलबुल (जम्मू-कश्मीर) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ 68 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान कुल 4681.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और 181 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 49 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 132 अन्य राज्यों के हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





