
खनिज प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी है। कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला खनिज संस्थान न्यास के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के लिए कुल 412.73 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इन कार्यों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन तथा अधोसंरचना के क्षेत्रों में व्यापक सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वीकृत राशि से जिले के विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण और मरम्मत कार्य किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए टेबल टेनिस बोर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। खनिज प्रभावित क्षेत्रों के ऐसे छात्र जो रायपुर स्थित राज्य होटल एवं आतिथ्य प्रौद्योगिकी तथा अनुप्रयुक्त पोषण संस्थान में अध्ययनरत हैं, उनकी शुल्क राशि के लिए भी सहायता दी जाएगी। इन कार्यों के लिए शिक्षा क्षेत्र में कुल 97.06 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सबसे अधिक 242.78 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र भवन का जीर्णोद्धार, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आवश्यक निर्माण कार्य तथा प्रथम संदर्भन इकाइयों को सक्रिय करने के लिए संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा जिले में बाइक एम्बुलेंस की खरीदी, एक्स-रे मशीन की व्यवस्था तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में 10 बिस्तरों वाले पोषण पुनर्वास केंद्र का संचालन किया जाएगा। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावापारा में शल्यकक्ष संचालन के लिए आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से 10.43 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से मैनपाट क्षेत्र के ग्राम रोपाखार में मिश्रित फलदार पौधों के रोपण, सिंचाई के लिए बोरवेल निर्माण तथा सौर पंप स्थापना जैसे कार्य किए जाएंगे। इससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पशुपालन क्षेत्र के अंतर्गत दरिमा स्थित शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण और सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए 32.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों में गंगापुर स्थित कन्या छात्रावास में सौर गर्म जल संयंत्र की स्थापना तथा सैनिक स्कूल मेण्ड्राकला में बैडमिंटन कोर्ट के लिए लकड़ी की फर्श निर्माण का कार्य भी शामिल है।
जिला प्रशासन का मानना है कि इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने से खनिज प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों में सुधार होगा तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





