कलेक्टर वसंत ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, मरीजों को मिले बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

 

अंबिकापुर, 07 फरवरी 2026:
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी.एस. मार्को, राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर वसंत ने कहा कि शासकीय चिकित्सक कार्यालयीन समय में चिकित्सालय में उपस्थित रहें और मरीजों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। शिकायत मिलने की स्थिति में संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि लगातार मॉनिटरिंग करें और आदेश का पालन ना करने वाले चिकित्सकों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी केंद्रों में आधार बेस्ड उपस्थिति का अनिवार्य पालन किया जाए।

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने एचआरपी मामलों की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को विशेष निगरानी दी जाएगी और उनका प्रसव संस्थागत स्तर पर कराया जाएगा। सामान्य गर्भवती महिलाओं का प्रसव संस्थागत रूप में सुनिश्चित किया जाएगा और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को उच्च अस्पताल में रेफर किया जाएगा। गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण, नियमित जांच, आवश्यक दवाइयां और टीकाकरण उपलब्ध कराए जाने के भी निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने कहा गया।

बैठक में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए। रिक्त पदों के लिए आवेदन मंगवाए जाएंगे और परीक्षा के परिणाम उसी दिन जारी किए जाएंगे। जिन पदों के लिए समान योग्यता है, वहां एक ही परीक्षा आयोजित की जाएगी।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र भवन, चिकित्सकीय उपकरण और दवाइयों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। भवन विहीन स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्टाफ की कमी वाले केंद्रों के लिए 7 दिन के भीतर मांग प्रेषित करने और पर्याप्त चिकित्सकीय उपकरण एवं दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत जिले में सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए। कार्यक्रम 10 से 25 फरवरी तक स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर और 13 से 22 फरवरी तक गृह भेंट के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। 23 से 25 फरवरी तक मॉप-अप राउंड में छूटे हुए लाभार्थियों को दवा खिलाई जाएगी।

अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं में आयुष्मान कार्ड निर्माण, टीबी मरीजों की नियमित फॉलोअप, सरकारी चिकित्सालयों में मरीजों का प्राइवेट रेफर न होना, नर्सिंग होम एक्ट के तहत अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई, पोषण पुनर्वास केंद्रों में कुपोषित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करना, कुष्ठ उन्मूलन, मलेरिया नियंत्रण, अंधत्व निवारण, तंबाकू नियंत्रण, एनीमिया मुक्त भारत और बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा शामिल रही।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel