कवर्धा में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ को नई मजबूती, तरेगांव जंगल में छात्रों ने ली शपथ

कवर्धा, 03 मार्च 2026।
केंद्र सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला कबीरधाम में जनजागरूकता गतिविधियों को तेज किया गया है। इसी क्रम में एकलव्य मॉडल आवासीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तरेगांव जंगल में व्यापक जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। विशेषज्ञों एवं वक्ताओं ने तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, शिक्षा और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी नकारात्मक असर डालता है।

छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने परिवार व समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिसर में पोस्टर एवं संवाद सत्र के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

इसी क्रम में विशेष रूप से बैगा जनजाति बाहुल्य ग्राम छिंदपुर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों को सरल भाषा में नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा त्यागने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, नशा मुक्त भारत अभियान के वालेंटियर श्री चन्द्रकांत यादव एवं सुश्री ज्योति साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में निरंतर पहल जारी रहेगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel