
उत्तर बस्तर कांकेर जिले के सिंगारभाट स्थित बालिका गृह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और किशोरों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा सुरक्षित और सकारात्मक जीवन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था। शिविर के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संज़ीव कुमार टामक ने किशोर न्याय बोर्ड, कांकेर तथा बालिका गृह सिंगारभाट का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
शिविर में बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया, संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के अधिकार, परामर्श एवं पुनर्वास सेवाओं की व्यवस्था, बाल संरक्षण तंत्र तथा बाल कल्याण समिति की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, मानसिक विकास, आत्मविश्वास निर्माण और सकारात्मक जीवन मूल्यों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
इसके साथ ही डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के बारे में समझाया गया। कार्यक्रम में गुड टच और बैड टच की पहचान, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता तथा लैंगिक अपराधों से बालकों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
शिविर के दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व, 12वीं के बाद उपलब्ध शैक्षणिक एवं कैरियर विकल्पों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्हें नियमित रूप से समाचार पढ़ने और समाज में जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांति प्रभु जैन, बालिका गृह के बालक-बालिकाएं तथा विधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर बच्चों के समग्र विकास, आत्मरक्षा और कानूनी समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस पहल को बच्चों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे समाज में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और बाल संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




