
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक को नग्न कर बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 27 मार्च की है और दर्री थाना क्षेत्र के कावेरी विहार इलाके की बताई जा रही है। पीड़ित युवक की पहचान अमरदास (36) के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर शराब का आदी है।
बताया जा रहा है कि अमरदास अपने दोस्त सरोज कुमार के पास गया और उसकी बाइक लेकर शराब पीने चला गया। देर रात जब वह वापस लौटा, तो उसके पास बाइक नहीं थी। पूछताछ में सामने आया कि उसने शराब के लिए दोस्त की बाइक बेच दी।

इस बात से गुस्साए दोस्त और उसके साथियों ने अमरदास के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उसे कपड़े उतरवाकर नग्न कर दिया गया और बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों से पीटा गया। वीडियो में युवक खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता नजर आ रहा है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सरोज कुमार बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पहले मामले की गंभीरता पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद जांच को तेज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और मानवता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़ के बीच इस तरह की हिंसक घटना का होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाता है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





