
राजस्थान के सीकर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेल-खेल में बनाई गई मिट्टी की सुरंग तीन मासूम बच्चों के लिए मौत का कारण बन गई। यह घटना नेछवा थाना क्षेत्र के गनेड़ी गांव में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, चार दोस्त खेत में मिट्टी के टीले के नीचे सुरंग बनाकर खेल रहे थे। इनमें होलाश मेघवाल (10), गौतम सैनी (14), दीपेश नायक (12) और कृष्ण शामिल थे। सुरंग करीब 3 से 4 फीट ऊंचे मिट्टी के टीले के नीचे बनाई गई थी। खेलते-खेलते होलाश, गौतम और दीपेश सुरंग के अंदर चले गए, जबकि कृष्ण बाहर की तरफ था।
इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर गिर गया और सुरंग ढह गई। अंदर मौजूद तीनों बच्चे मिट्टी के नीचे दब गए। कृष्ण के भी पैर मिट्टी में फंस गए थे, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और अपने दोस्तों को निकालने की कोशिश करता रहा। जब वह सफल नहीं हुआ, तो जोर-जोर से चिल्लाने लगा।

कृष्ण की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मिट्टी हटाई गई। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। मृतक बच्चों के परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे थे। होलाश के पिता का एक साल पहले निधन हो चुका था, जबकि दीपेश के पिता ने करीब डेढ़ से दो साल पहले आत्महत्या कर ली थी। दोनों बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ते थे।

नेछवा थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि यह हादसा पूरी तरह से खेल के दौरान हुआ और किसी प्रकार की लापरवाही का मामला सामने नहीं आया है। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कितनी जरूरी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





