खेल से सशक्तिकरण की पहल: अदाणी फाउंडेशन ने ग्रामीण युवाओं और बेटियों को दिया नई उड़ान

रायगढ़, 4 फरवरी 2026।
ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी पॉवर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक उत्तरदायित्व इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा संयंत्र के परिधीय एवं रेल परियोजना से जुड़े गांवों में ग्राम स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के तहत विभिन्न गांवों में आयोजित प्रतियोगिताओं हेतु बैट, बॉल, स्टंप, जर्सी सहित संपूर्ण क्रिकेट किट उपलब्ध कराई गई, वहीं प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए टेंट सामग्री का भी सहयोग दिया गया।

इस कार्यक्रम से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा, खेल प्रेमी और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ेभंडार, बरपाली, अमलीभौना, छोटे भंडार, सरवानी, गेजामुड़ा, काशीचुवा सहित कई गांवों के सरपंच और सामाजिक प्रतिनिधियों ने इस पहल को ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि ऐसे प्रयासों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।

खेल सामग्री उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण हो सका है। ग्रामीण युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ी है और अब वे बड़े स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आत्मविश्वास भी हासिल कर रहे हैं। इस कार्यक्रम से लगभग 500 से अधिक युवा खिलाड़ी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।

इसके अलावा पुसौर विकासखंड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता को भी अदाणी फाउंडेशन द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचने वाली दोनों टीमों को जर्सी एवं खेल सामग्री दी गई, साथ ही आयोजन के लिए आवश्यक टेंट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित गर्ल्स कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। पिछले तीन वर्षों में 180 से अधिक स्कूली बालिकाएं इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित हो चुकी हैं। इन खिलाड़ियों ने चक्रधर समारोह महिला कबड्डी टूर्नामेंट सहित कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्तमान वर्ष में घरघोड़ा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

अब तक 33 बालिकाओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हो चुका है, वहीं भूमिका सिदार, बीना सिदार और सान्या यादव का राष्ट्रीय स्तर पर चयन जिले के लिए गर्व की बात है। इन उपलब्धियों को देखते हुए ग्राम बड़ेभंडार के हाई स्कूल परिसर में एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है, जहां राष्ट्रीय स्तर के कोचों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel