ग्रामीण अधोसंरचना में बड़ा कदम, राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा सूरजपुर का इलाका

रायपुर, 27 फरवरी 2026। प्रदेश में ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से सूरजपुर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी सौगात मिली है। जिले के पहाड़गांव से गोपालपुर होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास की आधारशिला होती है। बेहतर सड़क नेटवर्क से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है तथा ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल इस परियोजना के अंतर्गत 5.10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसमें आवश्यक पुल-पुलिया का निर्माण भी शामिल है।

यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग के रूप में विकसित होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधा और सुगम जुड़ाव सुनिश्चित होगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद स्थानीय नागरिकों को आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी तथा यात्रा समय में कमी आएगी।

सड़क निर्माण से किसानों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्हें अपनी कृषि उपज बाजार तक समय पर पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। वहीं विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में सुविधा होगी और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में लोगों को त्वरित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस परियोजना से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय व्यवसायों को विस्तार का अवसर मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से संबंधित योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू कर ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सड़क निर्माण परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुगम बनाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel