छात्रों के भविष्य की तैयारी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर में करियर मार्गदर्शन महाकुंभ!

 

रायपुर, 28 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ सरकार के विजन “सुरक्षित और सफल भविष्य” को साकार करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में सूरजपुर जिले में राज्य स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 31 जनवरी 2026, शनिवार को भटगांव ग्राउंड में ‘कपिध्वज – करियर गाइडेंस कार्यक्रम 2026’ के रूप में आयोजित होगा, जिसमें राज्यभर से 6000 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास निर्माण के लिए समय पर सही मार्गदर्शन प्रदान करना है। बदलते दौर में करियर को लेकर बढ़ती उलझनों को देखते हुए यह आयोजन छात्रों के लिए एक मार्गदर्शक मंच साबित होगा, जहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।

इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में देश के प्रसिद्ध शिक्षाविद, ‘फिजिक्स गुरु’ के नाम से विख्यात तथा मोशन एजुकेशन कोटा के संस्थापक श्री नितिन विजय (एन.वी. सर) विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के सूत्र, प्रभावी अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे छात्रों को अपने लक्ष्य तय करने में स्पष्टता मिलेगी।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ का हर विद्यार्थी सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़े और अपने सपनों को साकार करे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ करियर मार्गदर्शन भी उतना ही आवश्यक है, जिससे युवा पीढ़ी आत्मनिर्भर बन सके और प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभा सके।

इस राज्य स्तरीय आयोजन में सूरजपुर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के स्कूल एवं कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन एवं कपिध्वज टीम द्वारा कार्यक्रम की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। आयोजन स्थल पर अनुशासन, सुरक्षा और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है।

यह करियर मार्गदर्शन मेला न केवल सूरजपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और राज्य को शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहचान देगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel