
जगदलपुर में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। सोमवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी योजनाओं का ज़मीनी स्तर पर बेहतर अमल सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्रमुख योजनाओं के तहत प्रत्येक विभाग कम से कम दस हितग्राहियों का चयन मॉडल के रूप में करे, ताकि उन्हें प्रेरक उदाहरण बनाकर अन्य पात्र लोगों को योजना से जोड़ने में मदद मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है।
बैठक में 22 मार्च को प्रस्तावित बस्तर हेरिटेज मैराथन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आगामी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत चयनित गांवों में विभिन्न विभागों की गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त ई-प्रगति पोर्टल में प्रविष्टियों की स्थिति, डेफ्ट खातों में लंबित राशि जमा करने, पीएम श्री स्कूलों के तहत विकास कार्य, और धान उठाव की प्रगति पर चर्चा हुई।
कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानों में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपूर्णता अभियान 2.0, लखपति पहल योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम किसान सम्मान निधि में एग्रिस्टैक और किसानों की ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया गया।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल आपूर्ति कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, राजस्व प्रकरणों के निराकरण और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य, पशुपालन, कौशल विकास सहित अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





