टीम इंडिया के लिए आज निर्णायक मैच — जीत जरूरी, सेमीफाइनल की उम्मीदें दांव पर

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण का अहम मुकाबला आज भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। मैच शाम 7 बजे से एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा।

सुपर-8 चरण में दोनों टीमों की शुरुआत निराशाजनक रही है। भारत को अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज ने 107 रन से हराया। ऐसे में दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी है।

हालांकि, सिर्फ जीत ही पर्याप्त नहीं होगी। भारत या जिम्बाब्वे में से जो भी टीम आज का मुकाबला जीतेगी, उसे सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए वेस्टइंडीज की हार का भी इंतजार करना होगा। अगर वेस्टइंडीज अपने मुकाबले में जीत दर्ज कर लेता है, तो अंक तालिका की स्थिति जटिल हो सकती है।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने 10 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को तीन मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में इससे पहले 2022 में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने जीत दर्ज की थी।

टूर्नामेंट में भारत के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में रहे हैं और अब तक टीम के लिए सबसे ज्यादा 180 रन बना चुके हैं। बल्लेबाजी में ईशान किशन ने भी अहम योगदान दिया है। वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने उनका अच्छा साथ निभाया है।

इस बीच भारतीय टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण वे कुछ समय के लिए टीम से अलग होकर नोएडा गए थे। हालांकि टीम प्रबंधन के अनुसार वे मैच से पहले टीम से जुड़ सकते हैं।

अब देखना होगा कि इस निर्णायक मुकाबले में कौन सी टीम दबाव में बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रख पाती है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel