‘ठाकुर हूं, मुझे गर्व है’—कानपुर HDFC बैंक विवाद पर सामने आईं रिलेशनशिप मैनेजर आस्था सिंह, वीडियो जारी कर दी सफाई

कानपुर।
कानपुर स्थित एचडीएफसी बैंक की एक ब्रांच में हुए विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद अब बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर आस्था सिंह सामने आई हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। आस्था सिंह का कहना है कि उन्होंने किसी ग्राहक के साथ अभद्रता नहीं की और उनका विवाद बैंक की एक महिला संविदा कर्मचारी के पति से हुआ था।

दरअसल, बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला बैंक कर्मी गुस्से में गालियां देती नजर आ रही हैं और लैपटॉप उठाकर किसी पर हमला करने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 6 जनवरी का है और महिला कर्मचारी पनकी स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा में तैनात हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद आस्था सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि घटना के दौरान वह भावनात्मक रूप से आहत थीं। आस्था के मुताबिक, बैंक की एक महिला संविदा कर्मचारी ने उसी दिन इस्तीफा देकर तुरंत रिलीविंग की मांग की थी। इस दौरान सुबह से उसकी ननद ब्रांच में मौजूद थी, जिससे उनकी हल्की बहस हो गई।

आस्था सिंह ने कहा कि बाद में संविदा कर्मचारी ने इस बात की जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद वह व्यक्ति वर्किंग आवर खत्म होने के बाद बैंक पहुंचा और उनसे अभद्र भाषा में बात करने लगा। आस्था का आरोप है कि उस व्यक्ति ने उनकी डेस्क पर आकर उनकी जाति पूछी और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें गुस्सा आ गया।

उन्होंने अपने बयान में कहा कि वह मानती हैं कि गुस्से में बोले गए कुछ शब्द गलत हो सकते हैं और सार्वजनिक सेवा में कार्यरत व्यक्ति को संयम बरतना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि धमकी और अपमानजनक भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आस्था सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले को जातिवाद का मुद्दा बनाकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

आस्था ने अपने बयान में साफ कहा कि वह आज भी अपने शब्दों पर कायम हैं और अपनी पहचान को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं ठाकुर हूं और मुझे इस बात का गर्व है।” फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel