दंतेवाड़ा में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का प्रहार, 7 वाहन-मशीनें जब्त!

 

 

दंतेवाड़ा, 28 जनवरी 2026।
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार एवं उप संचालक (खनिज) श्री योगेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में खनिज जांच दल और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बालपेट एवं बालूद क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन एवं बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन करते हुए कई वाहन पकड़े गए। मौके पर ही संबंधित वाहन चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ वैधानिक प्रकरण दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई। प्रशासन ने विधिवत पंचनामा तैयार कर कुल 7 वाहन और मशीनें जब्त की हैं।

जब्त किए गए वाहनों में अवैध परिवहन में प्रयुक्त 5 ट्रैक्टर, अवैध उत्खनन में संलिप्त 1 जेसीबी मशीन तथा 1 ट्रैक्टर-लोडर शामिल हैं। सभी जब्त वाहनों को सुरक्षात्मक दृष्टि से कलेक्टर कार्यालय परिसर, दंतेवाड़ा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार, उक्त मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(4) के अंतर्गत जप्ती की कार्रवाई की गई है, जबकि धारा 21(5) के तहत आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति एवं पास के खनिज उत्खनन और परिवहन को गंभीर अपराध की श्रेणी में माना जाएगा।

प्रशासन ने पहले भी जिले के खनिज ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को चेतावनी दी थी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद यदि अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाते हैं, तो कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

जिले में खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से खनिज अमले द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक श्री अश्वनी झाड़ी सहित जिला खनिज जांच दल के अन्य कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel