दुर्ग में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम, युवती पर कटर से जानलेवा हमला

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एकतरफा प्यार के मामले में युवक द्वारा युवती पर जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी युवक पिछले कई वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था और शादी के बाद भी उस पर बातचीत का दबाव बना रहा था। घटना नेवई थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ रायपुर में रह रही थी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर वह अपने पिता के घर शिवपारा स्टेशन मरोदा, नेवई आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक घटना 15 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। युवती बैकुंठधाम मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थी। इंदा चौक के पास एक गली में पहले से पीछा कर रहे युवक ने उसे रोककर बात करने की कोशिश की। युवती द्वारा बातचीत से इनकार करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कटर से हमला कर दिया। हमले में युवती की गर्दन, दाहिने हाथ की कलाई, गाल और पसली के पास गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़िता के परिजनों के अनुसार हमले के बाद उसके शरीर पर करीब 60 टांके लगे हैं और गंभीर हालत में उसे अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवती की जान बचाई। पीड़िता ने बताया कि यदि वह झुककर खुद को नहीं बचाती तो आरोपी उसकी हत्या कर सकता था।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले छह साल से युवती को परेशान कर रहा था। कॉलेज के समय से वह उसका पीछा करता था और शादी के बाद भी जब-जब युवती अपने मायके आती थी, आरोपी उसे धमकाता था। आरोपी का घर पीड़िता के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। परिवार के मुताबिक आरोपी पहले भी युवती के पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दे चुका था।

पीड़िता का पति मंत्रालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है, जबकि पिता सेल्समैन और भाई निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel