
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार सुबह राजस्थान और दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं पुरी में घना कोहरा छाया रहा, जिसके कारण जगन्नाथ मंदिर पूरी तरह धुंध में ढका नजर आया।
पहाड़ी राज्यों में सर्दी का असर अभी भी बरकरार है। केदारनाथ में भारी बर्फबारी के चलते करीब 3 से 4 फीट तक बर्फ जमा होने की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है।
India Meteorological Department (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर के राज्यों—असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा—में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी आंधी-बारिश का अनुमान है।

दक्षिण भारत के कोंकण-गोवा और केरल में उमस भरा मौसम बना रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार सक्रिय हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर और मध्य भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले 2 से 3 दिनों में एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।
हालांकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, बिहार और झारखंड में दोपहर के बाद मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





