
संसद में पिछले दो दिनों से जारी हंगामे के बीच कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को पूर्व आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवणे की अनपब्लिश्ड किताब लेकर संसद पहुंचे। राहुल गांधी ने दावा किया कि इसी किताब के एक अंश को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव चल रहा है।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने किताब का एक पन्ना खोलकर दिखाया और कहा कि इसमें लिखा है कि प्रधानमंत्री ने तत्कालीन आर्मी चीफ से कहा था— “जो आपको उचित लगे, वही कीजिए।” राहुल गांधी का आरोप है कि सरकार और रक्षा मंत्री यह कह रहे हैं कि ऐसी किसी किताब का अस्तित्व ही नहीं है, जबकि यह किताब उनके हाथ में मौजूद है।
राहुल गांधी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में आते हैं तो वे स्वयं जाकर यह किताब उन्हें सौंपेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि प्रधानमंत्री आज लोकसभा में आने की हिम्मत करेंगे। राहुल के मुताबिक, अगर प्रधानमंत्री किताब पढ़ेंगे तो देश को भी सच्चाई जानने का मौका मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में दो दिनों से नरवणे की इसी अनपब्लिश्ड किताब के अंश पढ़े जाने को लेकर विवाद चल रहा है। विपक्ष चाहता है कि राहुल गांधी सदन में किताब के हिस्से पढ़ें, लेकिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इसकी अनुमति नहीं दी। इस मुद्दे पर बार-बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी है।
इसी बीच संसद परिसर में एक और सियासी टकराव देखने को मिला। बजट सत्र के छठे दिन मकर द्वार के पास कांग्रेस सांसद प्रदर्शन कर रहे थे, तभी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। राहुल गांधी ने उन्हें देखकर “गद्दार दोस्त” कहकर संबोधित किया और हाथ मिलाने की कोशिश की। हालांकि बिट्टू ने हाथ नहीं मिलाया और मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि देश के दुश्मनों से उनका कोई संबंध नहीं है।
थोड़ी देर के लिए दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद बिट्टू आगे बढ़ गए। यह पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू के बीच बयानबाजी हुई हो।
गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं और 2024 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे। वे तीन बार सांसद रह चुके हैं, हालांकि 2024 में लुधियाना सीट से चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद उन्हें राज्यसभा भेजकर केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





