नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सीएम साय का बयान, कहा- ऐतिहासिक पहल

महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को लेकर देश में चल रही पहल के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा है कि महिला आरक्षण से देश की आधी आबादी को उनका पूरा हक मिलेगा और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रसारित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री Narendra Modi के उद्बोधन को सुना। इस अवसर पर उन्होंने इसे देश की मातृशक्ति के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह पहल भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को और अधिक समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने कहा कि ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण को रेखांकित किया, जिसमें निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 16 अप्रैल को संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर होने वाली चर्चा इस दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करने के साथ-साथ उन्हें नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव उच्च स्थान दिया गया है। वैदिक काल से लेकर आधुनिक समय तक महिलाओं की भूमिका समाज के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं ने इस परंपरा को आधुनिक संदर्भ में और अधिक सशक्त बनाया है।

छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। इसके अलावा ‘महतारी वंदन योजना’ जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि जब देश में महिला आरक्षण पर ऐतिहासिक चर्चा हो रही है, उसी समय छत्तीसगढ़ ‘महतारी गौरव वर्ष’ मना रहा है। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं और संगठनों से आह्वान किया कि वे हर मंच पर अपनी आवाज बुलंद करें और इस परिवर्तन की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब नारी सशक्त होती है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा एवं विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel