पुलिस से भाग रही स्कॉर्पियो बनी काल! ऑटो को रौंदा, 5 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार से भाग रही एक स्कॉर्पियो ने ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

यह हादसा तड़के करीब 3 बजे परशुराम चौराहा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो उछलकर पास के नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस उसकी पीछा कर रही थी। खुद को बचाने के प्रयास में चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा रहा था, तभी रास्ते में सामने आए ऑटो को उसने रौंद दिया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऑटो चालक को गंभीर सिर में चोट लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर नियमों का पालन करें और तेज गति से वाहन चलाने से बचें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel