
जगदलपुर, 29 जनवरी 2026। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए 5 पीड़ित परिवारों को कुल 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत यह स्वीकृति प्रदान की।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार अलग-अलग घटनाओं में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को यह सहायता दी जा रही है, ताकि कठिन समय में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। प्रत्येक प्रभावित परिवार को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
तहसील नानगुर के ग्राम मांझीगुड़ा निवासी जितेन्द्र नाग की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उनके पिता श्री लक्ष्मण नाग को सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी तरह ग्राम नानगुर की कुमारी हर्षिला की सांप काटने से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री कमल को आर्थिक मदद दी जाएगी।
तहसील जगदलपुर के ग्राम मावलीगुड़ा निवासी गंगाराम नाग की मृत्यु भी सांप काटने से हुई थी, जिसके लिए उनके पिता श्री कमलसाय को सहायता राशि मंजूर हुई है। ग्राम कुरंदी की कुमारी मुस्कान कश्यप की पानी में डूबने से मौत के बाद उनके पिता श्री बुधरूराम को भी राहत राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं तहसील बास्तानार के ग्राम बड़ेकिलेपाल-03 जुनाटप्पा निवासी लखमी पोयाम की पानी में डूबने से मृत्यु पर उनके पुत्र श्री मड्डा पोयाम को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली जनहानि की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन शासन की ओर से दी जाने वाली सहायता पीड़ित परिवारों को संकट की घड़ी में सहारा देने का प्रयास है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील भी की है कि बरसात और जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा सांप-बिच्छू जैसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहें।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





