
होलिका दहन की रात दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना रावणभाठा संगम चौक के पास की है, जहां दोस्त ने ही अपने दोस्त पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय हेमंत साहू उर्फ भूरु के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। आरोपी आशीष साहू (25) उसका परिचित और दोस्त बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच एक मार्च को शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय अन्य साथियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपी ने रंजिश पाल ली थी।
सोमवार रात हेमंत ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान आरोपी उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। देर रात लगभग 11 बजे जब दोनों पार्टी कर मोहल्ले की ओर लौट रहे थे, तभी घर से कुछ दूरी पहले आरोपी ने पीछे से लोहे की रॉड (शॉकब) से हेमंत के सिर पर जोरदार वार कर दिया। लगातार हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना स्थल के पास ही होलिका दहन की तैयारियां चल रही थीं। वारदात इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर अपराध दर्ज कर आरोपी को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई है।
उल्लेखनीय है कि होली पर्व को देखते हुए जिले में लगभग 900 जवानों की तैनाती की गई थी। 73 पेट्रोलिंग पार्टियां और 25 स्थानों पर नाकाबंदी की व्यवस्था थी तथा दिन में फ्लैग मार्च भी निकाला गया था। इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





