
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पार्टी के अनुसार नरेंद्र नाग को उनके घर से हिरासत में लिया गया। उनके साथ संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पुलिस कार्रवाई की जद में आए हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई प्रदर्शन से ठीक पहले की गई। पार्टी ने आरोप लगाया है कि हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं के बारे में उनके परिजनों और संगठन को स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है कि उन्हें किस स्थान पर रखा गया है। आम आदमी पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन बताया है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक प्रस्तावित आंदोलन क्षेत्र में लंबे समय से जारी पेयजल संकट और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर था। संगठन का दावा है कि नारायणपुर और दक्षिण बस्तर क्षेत्र में पानी की समस्या और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए तथा शांतिपूर्ण धरना और जनसंवाद के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बावजूद समस्याओं के समाधान के बजाय आंदोलन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पार्टी नेता समीर खान ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करें, तो जनता को सड़क पर उतरने की आवश्यकता ही न पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर संभाग में जनहित और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे उठाने वाले संगठनों को दबाने की कोशिश की जाती है।
वहीं, पार्टी के एक अन्य नेता बल्लू भवानी ने कार्यकर्ताओं की हिरासत को अवैधानिक बताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ कदम करार दिया। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है, जिसे रोका नहीं जाना चाहिए।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि हिरासत में लिए गए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया और जनसमस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि वह गांधीवादी और संवैधानिक तरीकों से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करता रहा है और आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।
हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चा जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





