
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ निर्भीक कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। इसी आशय के तहत बिलासपुर जिला पुलिस बल के जांबाज़ आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान दोनों आरक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और निष्ठावान पुलिसकर्मी ही प्रदेश की कानून व्यवस्था की मजबूत रीढ़ होते हैं। उनका समर्पण समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
आरक्षक आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत ने अपने कार्यकाल के दौरान कई चुनौतीपूर्ण मामलों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। आवास योजना के नाम पर आम नागरिकों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह को पकड़ने में दोनों की सक्रिय भूमिका रही। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ितों को न्याय मिला, बल्कि समाज में सक्रिय ऐसे ठगों को भी सख्त संदेश गया।
इसके अलावा, रात्रि गश्त के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देकर लौट रहे एक शातिर चोर को दोनों आरक्षकों ने साहसपूर्वक दौड़ाकर पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के कीमती जेवरात एवं नगद राशि बरामद की गई, जिससे एक बड़ी चोरी का खुलासा हुआ और कई अन्य मामलों की कड़ियां भी जुड़ीं।
इतना ही नहीं, क्षेत्र में सक्रिय गुंडा-बदमाशों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई, चाकूबाजी जैसी गंभीर घटनाओं में शामिल आरोपियों की समय रहते गिरफ्तारी और अपराधों की रोकथाम में भी दोनों आरक्षकों का योगदान सराहनीय रहा है। उनकी तत्परता और सतर्कता के चलते कई संभावित घटनाओं को पहले ही टाल दिया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दोनों आरक्षकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान न केवल आशीष राठौर और बीरेंद्र राजपूत के लिए गर्व का क्षण रहा, बल्कि इससे पूरे बिलासपुर जिला पुलिस बल का मनोबल भी और अधिक सशक्त हुआ है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





