बिलासपुर में गणतंत्र दिवस की अंतिम रिहर्सल, तैयारी पूरी!

 

गणतंत्र दिवस के 76वें वर्ष में प्रवेश से पहले बिलासपुर देशभक्ति के रंग में रंग चुका है। जिले की पुलिस परेड ग्राउंड में शनिवार को जिला स्तरीय समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्कूलों की तुकड़ियों ने अनुशासन और समर्पण के साथ मार्च पास्ट किया, जिससे देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला।

रिहर्सल में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और सुनिश्चित किया कि 26 जनवरी को सभी कार्यक्रम सटीक और प्रभावशाली हों।

फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्य अतिथि के आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सलामी, मार्च पास्ट, परेड कमांडरों का परिचय और पुरस्कार वितरण जैसी सभी गतिविधियों का अभ्यास किया गया। बच्चों और जवानों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को प्रभावित किया, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां कीं।

इस वर्ष का समारोह विशेष इसलिए है क्योंकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहली बार बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यह आयोजन और भी गौरवपूर्ण और यादगार होगा। प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और लोगों के आने-जाने की व्यवस्था के लिए व्यापक योजना बनाई है।

जिलेवासियों को अब 26 जनवरी के उस ऐतिहासिक पल का इंतजार है, जब तिरंगा शान से लहराएगा और पूरे शहर में देशभक्ति का जज्बा चरम पर होगा। इस कार्यक्रम से यह संदेश भी गया कि बिलासपुर में हर साल गणतंत्र दिवस को बड़ी धूमधाम और अनुशासन के साथ मनाया जाता है

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel