
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना मोहननगर थाना क्षेत्र के शांति नगर स्थित शिव मंदिर के सामने सोमवार रात हुई। मृतक की पहचान नानू गोंड उर्फ छय के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी था और शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र में भगवान की बारात का आयोजन चल रहा था, जिसमें नानू भी नाच-गाने में शामिल था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी पुराने विवाद को लेकर उसके साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने नानू के पेट, सिर और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गय

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले मृतक का कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद बड़ी संख्या में लोग मोहननगर थाने के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 से 5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सुखनंदन राठौर (एएसपी सिटी) ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासन पर जल्द न्याय दिलाने का दबाव बढ़ गया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





