

कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश एवं तहसीलदार सरायपाली द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर उड़ीसा से अवैध धान खपाने के मामले में सरायपाली के व्यापारी श्री सोनू अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच के दौरान तहसीलदार सरायपाली ने दस्तावेजों का परीक्षण और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए। प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन और अनियमितताओं की पुष्टि होने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई।
प्रतिवेदन के अनुसार, सरायपाली विकासखंड में व्यापारी श्री सोनू अग्रवाल ने अवैध रूप से धान का परिवहन और खपत किया। जांच के दौरान 4 माजदा वाहनों से 864 पैकेट (कुल 345 क्विंटल) धान बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा गया। यह धान ओडिशा से लाकर समितियों और किसानों को अवैध रूप से वितरित करने के लिए लाया जा रहा था।
अवैध धान परिवहन और खपत के कारण राज्य शासन को 8,17,305 रुपए की आर्थिक हानि हुई। संबंधित व्यापारी के खिलाफ अनुविभागीय अधिकारी (रा.) सरायपाली के न्यायालय में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया है।
कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और ऐसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





