
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम पोस्त डोडा की तस्करी का खुलासा किया है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 पर नाकाबंदी के दौरान 14 क्विंटल से अधिक (1432 किलोग्राम) अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। इस कार्रवाई में हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए अफीम पोस्त डोडा की बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 2.25 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
यह पूरी कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई, जो मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि HR-46-F-4848 नंबर की एक पिकअप वाहन ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ आ रही है, जिसमें भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लोड है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान हरविंदर सिंह और सत्यवान वाल्मीकि के रूप में हुई, जो हरियाणा के करनाल जिले के निवासी हैं।
जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो पीछे रखी बोरियों में बड़ी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ गुमला से लोड कर रायपुर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ, वाहन और मोबाइल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 18(ख) के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई न केवल तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार है, बल्कि समाज को नशे के खतरे से बचाने की दिशा में एक अहम कदम भी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





