
रायपुर, 11 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने फरवरी 2026 की राज्य-वार राष्ट्रीय रैंकिंग में बड़े राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ राज्य ने कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए देश में नंबर-वन बनने का गौरव हासिल किया है।
जारी आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ ने योजना के तहत 93.37 प्रतिशत नामांकन दर्ज किया है, जबकि 83.87 प्रतिशत मामलों में स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा शिकायतों के समाधान में भी राज्य का प्रदर्शन बेहतर रहा है, जहां 93.95 प्रतिशत शिकायतों का त्वरित निपटारा किया गया। वहीं 30 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों की दर मात्र 7.07 प्रतिशत और लंबित शिकायत दर 4.96 प्रतिशत दर्ज की गई है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि योजना का क्रियान्वयन राज्य में पारदर्शी और प्रभावी तरीके से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि राज्य ने पिछले महीने की तुलना में छह स्थानों की छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया है

इस उपलब्धि पर विष्णु देव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है और यह उपलब्धि इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने विभागीय टीम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्यशैली के कारण ही राज्य यह मुकाम हासिल कर पाया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक राज्य में 1,86,586 गर्भवती महिलाओं का योजना के तहत पंजीकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही लगभग 72 करोड़ 24 लाख 89 हजार रुपये की राशि सीधे पात्र हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है और छत्तीसगढ़ अब इस क्षेत्र में देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहा है।

Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





