मोहला में ‘नशे की होलिका दहन’, युवाओं ने लिया व्यसन त्याग का संकल्प

मोहला, 03 मार्च 2026।
जिले में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए नशामुक्ति केंद्र मोहला द्वारा होलिका दहन के अवसर पर “नशे की होलिका दहन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक उत्सव को सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए युवाओं और आमजन में व्यसन त्याग का संदेश देना था।

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित शा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में गुटखा, शराब, सिगरेट और तंबाकू जैसी नशे की सामग्रियों का प्रतीकात्मक दहन किया गया। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक ठोस संदेश है कि बुराइयों को त्याग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाई जाए।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। विशेषकर युवाओं में बढ़ती व्यसन प्रवृत्ति चिंता का विषय है, जिसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

इस अवसर पर सहायक संचालक, समाज कल्याण विभाग द्वारा उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं और हितग्राहियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने मित्रों एवं परिवारजनों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम में नशामुक्ति केंद्र मोहला के हितग्राही, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में नशामुक्त वातावरण का निर्माण हो सके।

जिला प्रशासन ने कहा कि सामाजिक भागीदारी और जनजागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel