
गरियाबंद, 03 फरवरी 2026
राजिम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैया (खपरी) में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प एवं आगजनी की घटना के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री बी.एस. उइके ने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यपालिक दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 1 फरवरी 2026 को थाना राजिम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैया (खपरी) में हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि क्षेत्र में शांति बहाल की जा सके और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

कलेक्टर के आदेशानुसार ग्राम दुतकैया (खपरी) क्षेत्र में मैनपुर के तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी श्री रमेश मेहता, गरियाबंद के नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी श्री योगेन्द्र कुमार देवांगन, पाण्डुका के नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी श्री डोनेश्वर साहू तथा गरियाबंद के सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी श्री विजय कुमार सिंह की तैनाती की गई है।
इन अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखने, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं शांति व्यवस्था बहाल करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, तनाव या अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




