
राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रामजीवन देवांगन ने माना कैम्प स्थित कार्यालय में दिव्यांगजन राज्य आयुक्त के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही प्रदेश में दिव्यांगजनों के अधिकारों और कल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
रामजीवन देवांगन न्यायिक क्षेत्र में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों का व्यापक अनुभव है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद रामजीवन देवांगन ने कहा कि प्रदेश में दिव्यांगजनों के अधिकारों की सुरक्षा, उन्हें सम्मानजनक जीवन और समान अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों से संबंधित अधिकार अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों का पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए राज्य आयुक्त कार्यालय सक्रिय रूप से कार्य करेगा। साथ ही दिव्यांगजनों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी विशेष पहल की जाएगी, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण हो सके।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद रामजीवन देवांगन ने छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग के सचिव भुवनेश यादव तथा समाज कल्याण विभाग की संचालक रोक्तिमा यादव से भेंट कर दिव्यांगजन हित से संबंधित योजनाओं और विभागीय गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में दिव्यांगजनों के हित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा तथा प्रदेश में दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा और उनके सामाजिक सशक्तिकरण के लिए नई पहल की जाएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





