
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक पेट्रोल पंप पर बेहद खतरनाक घटना सामने आई है। यहां सिगरेट पीने से मना करने पर नाराज एक युवक ने पेट्रोल नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी। इस घटना से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने एक दोस्त के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। इस दौरान उसका दोस्त बाइक में पेट्रोल भरवा रहा था। वहीं खड़ा युवक सिगरेट जलाने की कोशिश कर रहा था। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए उसे सिगरेट पीने से रोक दिया। कर्मचारियों की इस बात से युवक नाराज हो गया और गुस्से में आकर उसने लाइटर से पेट्रोल भरने वाले नोजल पाइप में आग लगा दी।
नोजल पाइप में आग लगते ही पेट्रोल की वजह से लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते आग बाइक की टंकी तक पहुंच गई। घटना के दौरान आरोपी युवक कुछ देर तक वहीं खड़ा होकर आग को देखता रहा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पेट्रोल पंप में बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जनहानि की आशंका थी। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। इस घटना ने पेट्रोल पंप पर सुरक्षा नियमों और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल पंप पर सुरक्षा नियमों का पालन करने और ज्वलनशील पदार्थों के पास सिगरेट या आग का इस्तेमाल न करने की अपील की है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





