रायपुर में MDMA, गांजा और नशीली गोलियां बरामद 12 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 11 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। ऑपरेशन को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 42 किलो गांजा, 2200 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और 1.53 ग्राम MDMA जब्त किया है। जब्त किए गए इन मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई जा रही है।

कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर 1700 अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद की गईं। बिना वैध दस्तावेज के इन दवाओं की बिक्री की जा रही थी। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मेडिकल स्टोर को सील करने की प्रक्रिया जारी है।

वहीं गंज थाना क्षेत्र में 2 आरोपी MDMA ड्रग्स के साथ पकड़े गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी नागपुर से आने वाली ट्रेनों के अटेंडेंट के जरिए ड्रग्स मंगवाते थे, जिससे एक बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

इसके अलावा पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया, जो ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा सप्लाई करने की तैयारी में थे। उनके पास से 42 किलो गांजा और 1 लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं।

डीडी नगर थाना क्षेत्र में भी 500 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद अब तक 24 मामलों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 1.72 करोड़ रुपए का नशीला सामान जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य राज्यों से जुड़े कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel