रायपुर: लोक निर्माण विभाग ने मंजूरी दी 13 सड़क परियोजनाओं के लिए 299 करोड़, 10 सड़कों के लिए 116 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति

रायपुर, 07 फरवरी 2026:
राज्य में सड़कों और पुलों के निर्माण में तेजी लाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 13 परियोजनाओं के लिए कुल 299 करोड़ रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। इसके साथ ही 10 सड़कों के निर्माण के लिए 116 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निविदा और प्रशासकीय स्वीकृति के आदेश जारी किए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समझौता न करने के कड़े निर्देश दिए। विभाग ने अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और जगदलपुर स्थित मुख्य अभियंता कार्यालयों के साथ ही प्रमुख अभियंता कार्यालयों द्वारा परियोजनाओं की सीधी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आम नागरिक भी निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

रायपुर जिले में फरफौदा-गुखेरा मार्ग (5.5 किमी) के चौड़ीकरण और पुल-पुलिया निर्माण के लिए 11.04 करोड़ रुपए तथा चंदखुरी-जावा-मोंहदी मार्ग (5.5 किमी) के लिए 13.34 करोड़ रुपए की निविदा मंजूर की गई। बलौदाबाजार-भाटापारा में रेलवे ओवर ब्रिज सहित टू-लेन सड़क निर्माण के लिए 40.72 करोड़ और 2.84 किमी लंबाई के ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक सड़क निर्माण के लिए 25.98 करोड़ की स्वीकृति दी गई।

नारायणपुर जिले में पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग में 10 किमी और 9 किमी लंबाई की सीमेंट-कांक्रीट सड़क और पुलिया मजबूतीकरण के लिए क्रमशः 28.02 करोड़ और 26 करोड़ की निविदा को मंजूरी दी गई। नवा रायपुर सेक्टर-18 एवं 19 में विभिन्न सरकारी भवन निर्माण और विद्युतीकरण कार्यों के लिए 71.23 करोड़ और 36.30 करोड़ स्वीकृत किए गए।

अन्य जिलों में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 10.18 करोड़, जशपुर में 7.27 करोड़, बलरामपुर-रामानुजगंज में 9.88 करोड़, धमतरी जिले में 11.82 करोड़ और महासमुंद में 6.96 करोड़ की निविदा को मंजूरी मिली।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel