
संत शिरोमणी गुरु घासीदास जी की जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में इस वर्ष भी भव्य गुरूदर्शन एवं संत समागम मेला का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय मेला 22 से 24 फरवरी 2026 तक संपन्न होगा।
मेला आयोजन समिति की बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार में हुई, जिसकी अध्यक्षता राजागुरु धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब ने की। बैठक में मेले की तैयारियों, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, गुरू सोमेश बाबा, गुरू सौरभ साहेब, कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी भावना गुप्ता, पूर्व सांसद गुहा राम अजगले, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के सम्मान में आयोजित मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को पिछले वर्ष की तुलना में और बेहतर बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुसार मेला समिति की राशि को 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख किया गया है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने बताया कि इस बार प्रशासनिक सुविधाओं को पिछले वर्षों से दोगुना किया गया है। जैतखाम में सीसीटीवी कैमरा स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी।
कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि कसडोल एसडीएम आर.आर. दुबे को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। लगभग 26 प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों की टीम मेला की तैयारियों में लगी होगी। जलापूर्ति के लिए 30 लाख, 8 लाख और 75 हजार लीटर क्षमता के टैंक, 250 टेप नल, 30 टैंकर, 100 स्नानघर, 20 चलित शौचालय, 10 जनरेटर, 24 घंटे सफाई और चिकित्सा टीम के साथ 7 चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि मेला में तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। लगभग 1182 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 30 पार्किंग स्थल, सीसीटीवी कैमरे, मुख्य कंट्रोल रूम सहित 4 अन्य कंट्रोल रूम, 7 दमकल वाहन, और ट्रैफिक व्यवस्थाओं की भी पूरी तैयारी है। हेल्पलाइन नंबर 94792-20392 सक्रिय रहेगा।
मेला स्थल और आसपास 10 किलोमीटर की परिधि में मांस-मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। पिछले वर्ष की वेबसाइट को पुनः सक्रिय किया जाएगा और बारकोड सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस वर्ष मेला समिति और जिला प्रशासन की संयुक्त प्रयासों से मेला सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





