
रायपुर, 4 फरवरी 2026।
37वें सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर अदाणी पॉवर रायपुर प्रोजेक्ट द्वारा रायखेड़ा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और छात्रों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में खरोरा थाना प्रभारी एवं उनकी पुलिस टीम का सक्रिय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित पेम्फलेट प्रदान किए गए। पुलिस अधिकारियों और अदाणी पॉवर के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों और साइन बोर्ड की सही पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही मौके पर मौजूद वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप और स्टिकर लगाए गए, जिससे रात के समय वाहन चालकों की दृश्यता बेहतर हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

फैक्ट्री गेट परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें कंपनी के कर्मचारी, पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से आम लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन का संदेश दिया गया। इस दौरान यातायात नियमों का सही ढंग से पालन कर रहे वाहन चालकों को गुलाब और चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य लोगों को भी नियमों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में मोबाइल फोन का उपयोग वाहन चलाते समय न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं।
स्थानीय लोगों ने अदाणी पॉवर रायपुर प्रोजेक्ट और खरोरा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान समाज में जिम्मेदार और सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने में सहायक साबित होते हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





