सीएम हाउस के पास दर्दनाक हादसा: सरकारी वाहन की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की मौत, बहन गंभीर, ड्राइवर फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। मुख्यमंत्री निवास के पास छत्तीसगढ़ क्लब के सामने स्कूल जा रहे EV स्कूटर सवार भाई-बहन को एक तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7.50 बजे उस समय हुआ जब दोनों भाई-बहन रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। मृतक की पहचान अंश आठवानी (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्कूटर चला रहा था। टक्कर के बाद अंश सड़क पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद सरकारी वाहन का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हादसे में घायल अंश की बहन नमिसा को गंभीर हालत में डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।

मामले को लेकर सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सरकारी वाहन तेज रफ्तार में था। उन्होंने कहा कि वाहन की पहचान कर ली गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री निवास जैसे अति संवेदनशील इलाके में इस तरह का हादसा होना सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी वाहनों की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी की सड़कों पर सरकारी वाहनों की तेज रफ्तार आम नागरिकों के लिए खतरा बनती जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel