
दुर्ग के गया नगर में रहने वाले 30 वर्षीय युवक विशाल गुप्ता की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने युवक को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठाया।
घटना 11 मार्च 2026 की रात की है, जब गया नगर वार्ड क्रमांक 4 निवासी विशाल गुप्ता ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। प्रारंभिक जांच में मामला सामान्य आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन मिला, जिसमें उसने आत्महत्या से ठीक पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में विशाल रोते हुए अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाता नजर आया। उसने बताया कि उसे लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाने का फैसला किया।
मामले में मृतक के परिजनों के बयान और वीडियो को अहम साक्ष्य मानते हुए पुलिस ने पत्नी तनु उर्फ मोहनी गुप्ता, उसके भाई शिवा और मामा-ससुर कृष्ण कुमार गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और तकनीकी जांच के जरिए उनकी लोकेशन ट्रैक की गई। जांच में पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में छिपे हुए हैं। इसके बाद दुर्ग पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर 29 मार्च 2026 को घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मृतक का वीडियो है, जिसे कोर्ट में डिजिटल एविडेंस के रूप में पेश किया जाएगा। मंगलवार को तीनों आरोपियों को दुर्ग न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि वैवाहिक विवाद और लगातार मानसिक उत्पीड़न के चलते युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





