सोना-चांदी में भारी गिरावट: 2 दिन में चांदी ₹24 हजार सस्ती, गोल्ड भी टूटा

देश के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 13 फरवरी को कीमती धातुओं के दाम में आई तेज गिरावट से निवेशकों और खरीदारों के बीच हलचल बढ़ गई है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, एक किलो चांदी की कीमत में 17,188 रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बाद चांदी का भाव घटकर 2,41,945 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है। इससे पहले गुरुवार को चांदी की कीमत 2,59,133 रुपए प्रति किलो थी। वहीं बीते दो दिनों में चांदी की कीमत में कुल 24 हजार रुपए से ज्यादा की कमी आई है।

आंकड़ों के अनुसार 11 फरवरी को चांदी का भाव 2,66,449 रुपए प्रति किलो था, जो अब घटकर 2.42 लाख रुपए के आसपास पहुंच गया है। लगातार गिरते दामों से सर्राफा बाजार में खरीदी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है

वहीं सोने की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 24 कैरेट सोने के दाम में 2,899 रुपए की कमी आई है, जिसके बाद 10 ग्राम सोने की कीमत घटकर 1,52,751 रुपए पर पहुंच गई है। इससे पहले गुरुवार को सोने का भाव 1,55,650 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की बदलती रणनीति का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। इसके कारण कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

हालांकि पिछले महीने सर्राफा बाजार में सोना और चांदी ने रिकॉर्ड स्तर भी छुआ था। 29 जनवरी को सोने ने 1,76,121 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3,85,933 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। इसके बाद से बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि शादी-विवाह के सीजन और निवेश की मांग के चलते आने वाले समय में कीमतों में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। बाजार विशेषज्ञ निवेशकों को खरीदारी से पहले बाजार की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दे रहे हैं।

देशभर के प्रमुख सर्राफा बाजारों सहित नई दिल्ली में भी सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर साफ देखने को मिल रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel