
प्रसिद्ध रैपर Yo Yo Honey Singh के महाराष्ट्र के पुणे में प्रस्तावित लाइव कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम से पहले ही उनके गानों के कंटेंट को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चिंता जताई गई है।
पुणे जिला बाल संरक्षण अधिकारी मंगेश जाधव ने शहर के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार को पत्र लिखकर इस मुद्दे को उठाया है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि हनी सिंह के कई लोकप्रिय गानों में शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले तत्व मौजूद हैं, जो समाज और खासतौर पर युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारी ने पुलिस विभाग से अनुरोध किया है कि कॉन्सर्ट के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले गानों और कंटेंट की जांच की जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार्यक्रम सामाजिक रूप से जिम्मेदार हो और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करे।

इस मामले की शुरुआत एक शिकायत के बाद हुई, जो चंडीगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पंडितराव धरेनवर द्वारा महाराष्ट्र महिला एवं बाल विकास विभाग को भेजी गई थी। शिकायत में हनी सिंह के कई गानों का उल्लेख करते हुए उनके बोल और प्रस्तुतिकरण पर आपत्ति जताई गई।
पत्र में जिन गानों को लेकर चिंता व्यक्त की गई है, उनमें “वन बॉटल डाउन”, “चार बॉटल वोडका”, “मनाली ट्रांस”, “दिस पार्टी गेटिंग हॉट”, “मखना”, “गोलियां” और “मिलियनेयर” जैसे ट्रैक शामिल हैं। इन गानों के जरिए कथित रूप से नशे और हिंसा से जुड़े संदेशों के प्रसार की बात कही गई है।
इसके अलावा, अधिकारियों ने इस बात पर भी विशेष ध्यान दिलाया है कि लाइव कॉन्सर्ट में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मौजूदगी को लेकर सावधानी बरती जाए। उनका कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों में आयु-सीमा और कंटेंट नियंत्रण बेहद जरूरी है।

वहीं, इस बीच पुणे में 4 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित हनी सिंह का लाइव शो फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। आयोजकों के अनुसार, खराब मौसम के चलते कार्यक्रम को टालना पड़ा। अब यह कॉन्सर्ट 18 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा। पहले से खरीदे गए टिकट नई तारीख के लिए मान्य रहेंगे।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर मनोरंजन और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन को लेकर बहस छेड़ दी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





