CG BREAKING : छत्तीसगढ़ में 16 ट्रेनें रद्द, झारसुगड़ा यार्ड में ब्लॉक से यात्रियों की बढ़ी परेशानी !

Khabri Chai Desk : छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 16 ट्रेनों को रेलवे ने आगामी 16 अगस्त से 10 सितंबर तक रद्द कर दिया है। इसके साथ ही कुछ ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है और कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट यानी बीच रास्ते से रद्द किया गया है। यह बदलाव बिलासपुर रेलवे जोन के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत झारसुगड़ा यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते किया गया है। यार्ड के आधुनिकीकरण के लिए 24 दिनों तक ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा, जिससे यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।

इस निर्णय से खासतौर पर बंगाल, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और हैदराबाद जैसे राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने इस ब्लॉक की पहले से जानकारी होने के बावजूद वैकल्पिक परिवहन की कोई व्यवस्था नहीं की है, जिससे पहले से टिकट बुक करा चुके यात्री भी चिंतित हैं।

कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जैसे उत्कल एक्सप्रेस (18477/18478) जो अब कट्क, संबलपुर सिटी, झारसुगड़ा रोड और ईब होकर चलाई जाएगी। वहीं, आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288) और दुर्ग-आरा एक्सप्रेस (13287) को राउरकेला और दुर्ग के बीच रद्द कर दिया गया है।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले समय-सारणी और मार्ग संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी पूछताछ केंद्र से संपर्क करें। बारिश के इस मौसम में ट्रेन सेवाओं में कटौती से यात्रियों की समस्याएं और बढ़ गई हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel