Khabri Chai Desk : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल से एक बार फिर हाथियों के दल का एक प्यारा तस्वीर सामने आया है। बारिश के बाद जंगल में मस्ती करते हुए हाथियों के झुंड को कैमरे में कैद किया गया है। एक बेबी एलिफेंट बड़े हाथी के पेट पर चढ़ने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन असफल रहने पर वह जमीन पर लोटकर मस्ती करने लगता है।

यह धरमजयगढ़ के छाल वन परिक्षेत्र का है, जहां वन विभाग, हाथी ट्रैकर और हाथी मित्र दल की टीम लगातार हाथियों पर निगरानी रख रही है। सोमवार को जब क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, उसी दौरान ड्रोन कैमरे से हाथियों के दल की निगरानी की जा रही थी। कैमरे में 7 हाथियों के झुंड को देखा गया, जिनमें कई शावक भी शामिल थे।

धरमजयगढ़ रेंज में ड्रोन तकनीक से निगरानी की व्यवस्था की गई है। यहां 3 ड्रोन कैमरे—1 सामान्य और 2 थर्मल (जो रात में भी काम करते हैं)—हाथियों की गतिविधियों पर नज़र रख रहे हैं। इसके अलावा, क्षेत्र में 7 हाथी मित्र दल तैनात हैं।वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, फिलहाल धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 112 हाथी मौजूद हैं, जिनमें 27 नर, 52 मादा और 33 शावक शामिल हैं। बारिश के मौसम में हाथियों की चहल-पहल बढ़ने से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। SDO बाल गोविंद साहू ने बताया कि प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल में न जाने की हिदायत दी जा रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





