कर्ज से परेशान युवक ने 40 लाख बीमा राशि के लिए रची मौत की साजिश, पुलिस ने किया खुलासा

Khabri Chai Desk : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक कौशल श्रीवास ने अपनी मौत का नाटक रचकर जीवन बीमा की रकम हासिल करने की योजना बनाई। पामगढ़ थाना क्षेत्र के तैनाद गांव निवासी कौशल ने 19 अगस्त की शाम घर से यह कहकर निकला कि वह घूमने जा रहा है। वह अपनी बाइक से शिवनाथ नदी गया और वहां कपड़े, मोबाइल व जूते छोड़ दिए, ताकि लगे कि वह नदी में डूब गया है। इसके बाद परिवार और गांव वालों ने मान लिया कि कौशल की मौत हो गई है।

परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और SDRF व गोताखोरों ने चार दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। जांच में पता चला कि कौशल इंस्टाग्राम पर सक्रिय है और उसने अपने दोस्त को संदेश भेजा कि वह जिंदा है। 23 अगस्त को उसने अपने भाई को भी एक अनजान नंबर से कॉल किया। कॉल लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
Also Read : https://khabrichai.com/2062-2-chhattisgarh-rajya-sarkar-par-chandras-mahant-ke-aarop/राज्य सरकार पर गंभीर आरोप, 14 मंत्रियों को लेकर उठाए सवाल 
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि पिता पर 1 लाख रुपए का कर्ज था और उसके नाम पर 40 लाख रुपए का जीवन बीमा था। तनाव के कारण उसने योजना बनाई कि यदि उसकी “झूठी मौत” हो जाएगी तो बीमा की रकम से परिवार का कर्ज उतर जाएगा। कपड़े और बाइक नदी किनारे छोड़ने के बाद वह बस से बिलासपुर और फिर ट्रेन से दिल्ली पहुंचा, लेकिन डर और घबराहट के चलते वापस लौट आया।
यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सबक है कि आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव से जूझ रहे युवाओं को परिवार व समाज का सहारा चाहिए। बीमा राशि के लिए इस तरह का नाटक न केवल अपराध है बल्कि परिवार को गहरे संकट में डाल सकता है। पुलिस ने युवक को परामर्श देने की प्रक्रिया शुरू की है और लोगों से अपील की है कि ऐसे हालात में संवाद और जागरूकता से ही समाधान निकाला जा सकता है।
Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel