रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर सीएम साय ने कहा कि अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता और प्रखर राष्ट्रचिंतक थे। उन्होंने अपने विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति है।

सीएम साय ने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के संकल्प को अभिव्यक्त करता है। उनके दर्शन से प्रेरणा लेकर सरकार गरीब, वंचित और शोषित वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ था। उनकी जयंती हर वर्ष अंत्योदय दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर देशभर में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री साय ने दोहराया कि छत्तीसगढ़ सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांतों को अपनाकर विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





