कोलकाता। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को कोलकाता में अदाणी आरोग्य मंदिर के कार्यक्रम में संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर निवेश और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का ऐलान किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।
गौतम अदाणी ने कहा कि अदाणी आरोग्य मंदिर एक विश्वस्तरीय गैर-लाभकारी चिकित्सा संस्था होगी, जिसमें 2,000 बेड होंगे। इनमें से 1,000 बेड समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित होंगे, जो राज्य और केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र होंगे। संस्था के केंद्र में एक मेडिकल कॉलेज होगा, जिसे आधुनिक रिसर्च और इलाज की सुविधाओं का सहयोग मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और रिसर्च सुविधाओं पर 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इससे राज्य के हेल्थकेयर इकोसिस्टम में 10,000 से ज्यादा नौकरियों के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

### बंगाल में व्यापक निवेश की घोषणा
अदाणी ने कहा कि अदाणी समूह 2035 तक बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की योजना बना रहा है। यह निवेश पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन, सड़क, पुल, रोपवे, ग्रीन सीमेंट तथा हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा।
उन्होंने बंगाल की भौगोलिक स्थिति, प्रतिभा और आर्थिक संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य भारत के औद्योगिक क्षेत्र और पूर्वोत्तर को बंगाल की खाड़ी से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण समुद्री और लॉजिस्टिक्स केंद्र है।
### संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर जोर
अदाणी ने कहा कि प्रगति केवल सड़कों या बिजली की क्षमता से नहीं मापी जा सकती। समाज को अपनी संस्कृति, विरासत और संस्थाओं की रक्षा भी करनी चाहिए। इसी क्रम में समूह ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के पुनरुद्धार, कुमारटुली घाट के कायाकल्प और कोलकाता की दुर्गा पूजा की कला-परंपरा को दुनिया के सामने लाने वाली पहलों का समर्थन करेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत में गौतम अदाणी ने कालीघाट जाकर मां काली से आशीर्वाद लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को भूमिपुत्र बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बंगाल नई संभावनाओं को प्रगति में बदलने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
अदाणी ने बंगाल की धरती को रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और जगदीश चंद्र बोस की भूमि बताते हुए कहा कि अब बंगाल को अपनी ताकत फिर से मजबूत कर अगला बड़ा अध्याय लिखना है।
उन्होंने कार्यक्रम का समापन करते हुए कहा – “बंगाल जागेगा, बंगाल आगे बढ़ेगा। बंगाल की शक्ति, भारत की गति।”
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





