रायपुर में चक्रवात अर्नब का असर: 40 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवा, 8.1 मिमी बारिश; कई इलाकों में बिजली गुल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर देखने को मिला। बुधवार को सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही, जबकि शाम के समय तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। खराब मौसम के चलते शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

बंगाल की खाड़ी से उठा 'अर्नब' चक्रवात भीषण तूफान में बदला : आंध्र प्रदेश के  तट की ओर बढ़ रहा; देश के 10 राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी का ...

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार शाम 5:30 बजे तक रायपुर के मुख्य मौसम केंद्र में 8.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट आई। राजधानी में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम तक आसमान में करीब 90 प्रतिशत बादल छाए रहे और हवा में नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंच गया।

लाखे नगर से रायपुरा मार्ग पर गिरा पेड़

तेज हवा के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। लाखे नगर से रायपुरा चौक जाने वाले मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया। इससे आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश और तेज हवाओं के बीच बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। डीडी नगर, बोरियाकला, कोटा, रामनगर, खमतराई, शैलेंद्र नगर, टैगोर नगर, पंडरी, मुढ़ियारी, मोवा और सड्डू समेत कई इलाकों से बिजली गुल होने की शिकायतें मिलीं।

10 से अधिक फीडरों में आई तकनीकी खराबी

बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता एम. विश्वकर्मा के मुताबिक, रायपुर शहर में कुल 316 बिजली फीडर हैं। इनमें से 10 से अधिक फीडरों में तकनीकी परेशानी आई। कुछ स्थानों पर इंसुलेटर फटने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई।

विभाग की ओर से प्रभावित इलाकों में सुधार दल भेजे गए। बिजली बंद होने की शिकायत मिलने पर संबंधित टीमों को मौके पर रवाना कर तकनीकी खराबी दूर करने की कार्रवाई की गई।

गुरुवार को भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब के उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के साथ धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना थी। हालांकि, इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया।

पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका भी जताई गई। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना बताई गई।

राजधानी रायपुर में भी आसमान में बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान था। मौसम के इस बदलाव से तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...