थाने के अंदर ही रिश्वत लेते पकड़ा गया हेड कॉन्स्टेबल, 2 लाख की मांगी थी रिश्वत; 20 हजार लेते ACB ने दबोचा

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के एक हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी बाहरी जगह नहीं, बल्कि थाने के अंदर ही सामने आया। राजनांदगांव के बसंतपुर थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव को ACB की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

राजनांदगांव में रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार, 5 लाख की मांगी थी रिश्वत,  ACB ने 20 हजार लेते दबोचा RAJNANDGAON NEWS COP CAUGHT TAKING BRIBE

आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल ने एक व्यक्ति के 18 लाख रुपये के निजी लोन का सेटलमेंट कराने के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग की थी। पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेने के दौरान ACB ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

18 लाख के लोन सेटलमेंट के लिए मांगे थे 2 लाख

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी गौरव अग्रवाल पर करीब 18 लाख रुपये का निजी लोन था। इसी लोन का सेटलमेंट कराने के नाम पर बसंतपुर थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव ने कथित तौर पर उनसे 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

दोनों के बीच पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। लेकिन प्रार्थी ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

थाने के अंदर ACB ने बिछाया जाल

शिकायत की पुष्टि के बाद रायपुर से ACB की टीम डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में राजनांदगांव पहुंची। टीम ने बसंतपुर थाने में ही ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी की।

जैसे ही हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव ने प्रार्थी से 20 हजार रुपये की रकम ली, पहले से तैनात ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। थाने के भीतर ही पुलिसकर्मी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

एसपी अंकिता शर्मा ने तत्काल किया निलंबित

इस कार्रवाई के दौरान एक और घटनाक्रम सामने आया। जिस समय बसंतपुर थाने में ACB की टीम रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान जिले की एसपी अंकिता शर्मा पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्राइम मीटिंग ले रही थीं।

ACB की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद एसपी ने हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन आदेश में उसके कृत्य को गंभीर कदाचरण और अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है।

निलंबन के बाद उसे रक्षित केंद्र राजनांदगांव में अटैच किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान वह बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

ACB की पूछताछ जारी

फिलहाल ACB की टीम गिरफ्तार हेड कॉन्स्टेबल से पूछताछ कर रही है। मामले में रिश्वत की मांग से जुड़े तथ्यों और पूरी लेनदेन प्रक्रिया की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...